Monday, 11 July 2016

हनुवंतिया में बनेगी देश की पहली एक्वा सिटी, पानी के बीच होंगे मॉल, आईटी पार्क और दफ्तर

अतुल दुबे | खंडवा
हनुवंतिया में देश की पहली एक्वा सिटी बनेगी। यहां पानी के बीच मॉल, आईटी पार्क, कार्पोरेट दफ्तर, पांच सितारा होटल, बगीचे, गोल्फ कोर्स, गोल्फ क्लब सहित तमाम सुख-सुविधाओं के साधन होंगे।
हनुवंतिया को अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन केंद्र बनाने के लिए मप्र पर्यटन विकास निगम ने 19 साल का मास्टर प्लान तैयार किया है। इसमें एक्वा सिटी यानी जल नगरी का प्लान भी है। यह अगले 10 साल में बनकर तैयार हो जाएगा। यह देश की पहली एक्वा सिटी होगी। इससे पहले देश में एक्वा सिटी के रूप में विकसित करने की योजना नहीं आई थी, यह पूरी तरह विदेश से लाई अवधारणा है। 2035 तक के लिए तैयार मास्टर प्लान तैयार किया है। पर्यटन विभाग ने हनुवंतिया और बिजौरामाफी गांव के आसपास कुल 257.57 हेक्टेयर में एक्वा सिटी और अन्य मनोरंजक स्थल एवं उद्यान विकसित करने की योजना बनाई है। तीन जोन में विकसित होने वाली एक्वा सिटी के चार भाग होंगे। इसमें एक्वा सिटी 1 टूरिज्म के वाणिज्यिक उपयोग के लिए होगी। एक्वा सिटी 2 आवासीय, स्पेशल जोन 2 वाणिज्यिक एवं एक्वा सिटी 3 सर्विस जोन आवासीय होगा। इनके साथ ही गोल्फ कोर्स, गोल्फ क्लब, फूड प्लाजा, मनोरंजन व क्रीड़ा उद्यान एवं हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा।
सबसे बड़े क्षेत्रों में बनेंगे गोल्फ कोर्स, सड़कें
53.25 हेक्टेयर में गोल्फ कोर्स
18.18 हेक्टेयर में गोल्फ क्लब
12.7 हेक्टेयर में सर्विस एरिया
20.24 हेक्टेयर में वन क्षेत्र
12.96 हेक्टेयर में पौधे (ग्रीन बेल्ट)
20.7 हेक्टे में रोड के पास हरियाली
22.5 हेक्टेयर में सड़कें
7.56 हेक्टेयर में मनोरंजन-उद्यान
0.84 हेक्टेयर में फूड प्लाजा
0.9 हेक्टेयर में मार्केट
जल्द जारी होगी अिधसूचना
मास्टर प्लान अगले 20 साल के लिए हैं। अधिसूचना जारी होने के बाद हनुवंतिया और आसपास का विकास मास्टर प्लान के अनुसार ही होगा। - जयवर्धन राय, उपसंचालक, टीएनसीपी
एक्वा सिटी में पानी के बीच या आसपास बने रहवासी एवं वाणिज्यिक भवन होते हैं। यानी पानी के बीच बनी कॉलोनी को एक्वा सिटी कहा जाता है। इस तरह की कॉलोनियां या मकान देश से बाहर देखने को मिलते हैं।
ऐसी होती है एक्वा सिटी : तुर्की के इस्तांबुल में कुछ साल पहले पानी के बीच बना शहर
लुभाते हैं पानी के बीच बने किले और महल
पानी के बीच बने मकान, किले और महल लोगों को आकर्षित करते रहे हैं। देश के राजाओं ने खूब बनवाया भी। मांडू का जहाज महल, जयपुर से लगे नाहरगढ़ में राजा जयसिंह द्वारा बनवाया गया जलमहल, उदयपुर में तालाब के बीच राजा का महल ऐसे स्थान हैं जो पर्यटकों को लुभाते हैं। उन्हीं का आधुनिक स्वरूप एक्वा सिटी है।

अगले 10 साल में बनकर तैयार हो जाएगी 257.57 हेक्टेयर क्षेत्र की जल नगरी
हनुवंतिया पर्यटन केंद्र के विकास के लिए जरूरत के मुताबिक टीएनसीपी के तैयार मास्टर प्लान में मनोरंजन पार्क, वाणिज्यिक भवन, स्वीमिंग पूल, आवासीय परिसर, सर्विस जोन, ग्रीन बैल्ट के लिए जमीन आरक्षित की है।
-Source Dainik Bhaskar Khandwa