Saturday, 26 March 2016

रंगपंचमी पर अध्यात्मिक रंगों का मेला सिद्धक्षेत्र ऊन में आज से

खंडवा। सिद्धक्षेत्र पावागिरी ऊन में रंगपंचमी पर अध्यात्मिक रंगों का मेला लगेगा। इस सिद्ध भूमि से स्वर्ण भद्र आदि मुनिचार के साथ कई संतों ने तपस्या करते हुए मोक्ष प्राप्त किया था। सिद्ध क्षेत्र प्रबंध कमेटी द्वारा विगत दस वर्षो से इस सिद्ध क्षेत्र में महामस्ताभिषेक व वार्षिक मेले का आयोजन किया जा रहा है। तीर्थ क्षेत्र के सदस्य समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि हर्ष का विषय है कि निमाड़ के सामाजिक बंधुओं के चहेते पर परमपूज्य मुनि श्री 108 डा. प्रणाम सागर जी महाराज के सानिध्य में दो दिवसीय वार्षिक मेला आयोजित किया जा रहा है। दो दिवसीय मेले के अंतर्गत 27 मार्च रविवार को भगवान का अभिषेक व नित्य नियम पूजा के साथ प्रवचन, मंडल विधान की पूजा एवं रात्रि में भजन संध्या का आयोजन आयोजित किया गया है। वहीं रंगपंचमी के पावन अवसर पर अध्यात्मिक रंगों के इस पावन मेले में प्रात: अभिषेक पूजन के साथ मुनिश्री के प्रवचन एवं धर्मसभा के साथ शाम 4 बजे विशाल शोभायात्रा पहाड़ पर विराजमान भगवान शांतिनाथ, कुंथुनाथ, अरहनाथ मंदिर पहुंचेगी जहां मुनि प्रणाम सागर जी महाराज के परम सानिध्य में इन प्राचीन चमत्कारी मूर्तियों का महास्ताभिषेक होगा। क्षेत्र के अध्यक्ष हेमचंद झांझरी, अशोक कासलीवाल एवं महामंत्री अशोक झांझरी ने निमाड़ जिले के सभी सामाजिक बंधुओं से आयोजित वार्षिक मेले में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने का अनुरोध किया है।